Durg Flower Show 2026 News नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा आयोजित आठवां फ्लावर शो शनिवार को राजेंद्र पार्क में उत्साह और रंगारंग माहौल के बीच प्रारंभ हुआ। सुबह 11 बजे शुभारंभ के साथ ही पूरा पार्क रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू और आकर्षक सजावट से महक उठा। दिनभर और देर रात तक हजारों नागरिकों की भीड़ उमड़ती रही। परिवार, बच्चे, युवा और बुजुर्गों ने पुष्प प्रदर्शनी का आनंद लिया।
फ्लावर शो में “ऑपरेशन सिंदूर” थीम पर बनाई गई भव्य फूलों की रंगोली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। प्राकृतिक रंगों और विभिन्न पुष्पों से सजी इस विशाल रंगोली के सामने सेल्फी लेने वालों की भीड़ लगी रही। प्रदर्शनी में सैकड़ों प्रजातियों के फूलों को कलात्मक ढंग से सजाया गया। फूलों से निर्मित आकृतियां, प्राकृतिक संरचनाएं और आकर्षक मॉडल दर्शकों को खूब भाए। फूलों की सुगंध और साज-सज्जा ने पूरे पार्क को उत्सव स्थल में बदल दिया।
बच्चों के लिए आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में पर्यावरण संरक्षण विषय पर रचनात्मक चित्र प्रस्तुत किए गए। वहीं चाक से दीया निर्माण जैसे स्टॉलों पर बच्चों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे आयोजन की जीवंतता और बढ़ गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, महापौर अल्का बाघमार, आयुक्त सुमित अग्रवाल, सभापति श्याम शर्मा, पर्यावरण प्रभारी काशीराम कोसरे, उद्यान प्रभारी अनिल सिंह सहित एमआईसी सदस्य, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
फ्लावर शो में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। शासन की योजनाओं पर आधारित मॉडल और पारंपरिक कला स्टॉलों ने विशेष ध्यान खींचा। वहीं विविध व्यंजनों के स्टॉलों पर भी लोगों की भारी भीड़ नजर आई। आयोजन के समापन अवसर पर नगर निगम द्वारा विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के चलते आयोजन को बेहद सफल बताया गया।

