Mahtari Vandana Yojana e-KYC: राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदना योजना में आवेदन प्रक्रिया में आंगनबाड़ी स्तर पर हुई लापरवाही अब महिलाओं के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। योजना के लिए फॉर्म भरते समय आधार कार्ड के सही विवरण दर्ज करना अनिवार्य था, लेकिन कई स्थानों पर यह प्रक्रिया ठीक से नहीं अपनाई गई।
महिलाओं का आरोप है कि आधार कार्ड के नाम, जन्मतिथि, पति/पिता के नाम में त्रुटियां हुई हैं, मोबाइल नंबर, बैंक खाता और आधार लिंकिंग सही से नहीं हुई, और फॉर्म बिना सत्यापन के जल्दबाजी में अपलोड कर दिए गए।
इन गलतियों के कारण अब ई-KYC पूरी नहीं हो पा रही, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं की योजना की राशि रुकने का खतरा है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं योजना की राशि पर घर खर्च और बच्चों की जरूरतों के लिए निर्भर हैं, और बार-बार आंगनबाड़ी, CSC केंद्र और पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हो रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि फॉर्म आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा भरे गए, तो गलतियों की जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या इसका खामियाजा गरीब महिलाएं भुगतेंगी, या लापरवाहों पर कार्रवाई होगी?
महिलाओं की प्रमुख मांगें हैं:
- गलत फॉर्मों में सुधार (Correction Window) तुरंत खोला जाए
- ई-KYC के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं
- आंगनबाड़ी स्तर की जवाबदेही तय की जाए
- जब तक त्रुटि सुधरी, तब तक भुगतान रोका न जाए
प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग पर सवाल उठता है कि क्या वे समय रहते सर्वोत्तम संवेदनशीलता और तेजी से कदम उठाएंगे ताकि महतारी वंदना योजना का लाभ सही समय पर सही महिलाओं तक पहुंच सके।

