Raipur News राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। नगर निगम ऐसे मामलों में जमीन अधिग्रहण तक का बड़ा कदम उठा सकता है, जिससे भू-माफियाओं पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। प्रशासनिक स्तर पर नए नियमों के तहत अवैध प्लाटिंग और जमीन कब्जे के मामलों में कड़ी कार्रवाई की रणनीति बनाई जा रही है और इसे लेकर जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में अवैध प्लाटिंग और जमीन कब्जे के मामलों में एफआईआर दर्ज कराने का अधिकार जिला प्रशासन के पास रहेगा। इससे कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होगी और ऐसे मामलों में सीधे कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
गौरतलब है कि रायपुर नगर निगम पिछले कुछ समय से अवैध जमीन अधिग्रहण और प्लाटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। निगम की टीम द्वारा विभिन्न जोन में कार्रवाई करते हुए कई मामलों में अवैध प्लाटिंग को चिन्हित किया गया है। अब नए नियम लागू होने के बाद जमीन जब्ती और अधिग्रहण जैसी कड़ी कार्रवाई भी देखने को मिल सकती है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, कई जोनों में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है, हालांकि नए नियमों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। जैसे ही शासन स्तर से निर्देश जारी होंगे, कार्रवाई और अधिक सख्त और व्यापक स्तर पर की जाएगी।

