Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में महानदी पर स्थित भैंसामुंडा पुल, जिसकी मरम्मत लगभग डेढ़ महीने पहले लाखों रुपये की लागत से की गई थी, अब विवादों में है। मरम्मत के तुरंत बाद ही पुल की परतें उखड़ने लगीं, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत अधूरी और घटिया सामग्री से की गई। पुल के कई हिस्सों में गड्ढे अब भी बरकरार हैं, जबकि केवल कुछ हिस्सों में ही मरम्मत की गई। ग्रामीणों का कहना है कि जल्दी निपटाने के चक्कर में गुणवत्ता से समझौता किया गया।
इस पूरे मामले में विभागीय इंजीनियरों की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सही मॉनिटरिंग होती तो पुल इतनी जल्दी खराब नहीं होता। ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर भी कठोर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और पुल की मरम्मत नई तकनीक और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप दोबारा कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

