Chhattisgarh Patan News: पाटन। दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक में प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर सामने आ गया है। जन कल्याण समिति पाटन के बैनर तले हजारों ग्रामीणों ने रैली निकालकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और सीईओ जनपद पंचायत पाटन को जिलाधीश दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया।
धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम पाटन व सीईओ जनपद पंचायत पाटन ने समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। अधिकारियों ने दावा किया कि अधिकांश गांवों में मनरेगा के तहत कार्य शुरू हो चुके हैं और शेष के लिए एस्टीमेट भेजे जा चुके हैं। मजदूरी भुगतान शुरू होने की बात भी कही गई।
पेंशन के मामले में अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार से फरवरी तक राशि जारी हो चुकी है और राज्यांश जल्द मिलने की उम्मीद है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपील प्रक्रिया के जरिए समाधान निकालने और पात्र-अपात्र निर्धारण में ग्राम सभा की भूमिका सुनिश्चित करने की बात कही गई।
हालांकि, जन कल्याण समिति प्रशासन के दावों से संतुष्ट नजर नहीं आ रही है। समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही जिला पंचायत सीईओ दुर्ग के साथ बैठक कर स्थायी समाधान की मांग भी रखी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा के तहत कार्य स्वीकृत होने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हो पा रहा, जिससे बेरोजगारी और पलायन बढ़ रहा है। मजदूरी भुगतान लंबित होने से मजदूरों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। इसके अलावा वृद्धा, निराश्रित और दिव्यांग पेंशन में देरी ने भी लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बिना ग्राम पंचायत को भरोसे में लिए पात्र हितग्राहियों को अपात्र घोषित कर दिया गया, जो पूरी तरह मनमाना निर्णय है।
जन कल्याण समिति के सदस्य युगल आडिल ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना ठोस जांच और सही जानकारी के आवास योजना से नाम काटना गरीबों के साथ अन्याय है। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही अनियमितताओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन कागजों से निकलकर जमीनी हकीकत बदलेगा, या फिर ग्रामीणों का यह आक्रोश और उग्र रूप लेगा।

