दुर्ग में बाप-बेटे की संदिग्ध मौत, बाथरूम से मिली जहर की शीशी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

दुर्ग में बाप-बेटे की संदिग्ध मौत, बाथरूम से मिली जहर की शीशी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

Durg Father Son Death Case दुर्ग जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में पिता और बेटे द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। शनिवार को भोईपारा स्थित किराए के मकान में दोनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने जहर खाकर जान दी है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान अरुण टंडिया (70) और उनके बेटे पंकज टंडिया (35) के रूप में हुई है। दोनों कुछ महीने पहले ही भोईपारा इलाके में किराए के मकान में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के दूसरे इलाके में रहते थे। जांच के दौरान पुलिस को बाथरूम से जहर की एक शीशी भी मिली है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्थानीय पार्षद को सूचना दी गई। पार्षद की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर कमरे में पिता और बेटे के शव पड़े मिले, जबकि दरवाजा अंदर से बंद था।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। अरुण टंडिया उम्र अधिक होने के कारण ज्यादातर समय घर पर ही रहते थे, जबकि उनका बेटा पंकज मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था। पंकज को मिर्गी की बीमारी भी थी और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही थी, जिसके कारण वह अक्सर परेशान रहता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार पंकज की मां की करीब छह महीने पहले मौत हो गई थी। इसके बाद पिता और बेटा दोनों अकेले ही रह रहे थे। घर में खाना बनाने की व्यवस्था नहीं थी, इसलिए रोज टिफिन सेंटर से खाना मंगाया जाता था। शुक्रवार शाम पंकज टिफिन लेकर घर पहुंचा था और इसके बाद दोनों ने रात में खाना खाया। इसके बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की आशंका सामने आई है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


Related Articles