Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के पलाड़ी कला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। विद्यालय में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत ओमेश कुमार कंवर (निवासी ग्राम बासीन) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमेश कुमार कंवर छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार को वह छात्रावास के शौचालय में अचेत अवस्था में मिला। विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल उसे जिला अस्पताल, सक्ती पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राचार्य पर प्रताड़ना के आरोप
मृतक छात्र के परिजनों ने विद्यालय के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छात्र कथित रूप से प्राचार्य की प्रताड़ना से मानसिक रूप से परेशान था। परिजनों का दावा है कि कुछ दिन पहले विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने छात्रावास की अव्यवस्थाओं और कथित प्रताड़ना की शिकायत जिला कलेक्टर से भी की थी, लेकिन इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्राचार्य को तत्काल निलंबित करने, उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

