होली पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सूरजपुर SSP ने की समीक्षा बैठक, हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

होली पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सूरजपुर SSP ने की समीक्षा बैठक, हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Surajpur SSP Review Meeting सूरजपुर। आगामी होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सूरजपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस राजपत्रित अधिकारियों और सभी थाना-चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली के दौरान नियम तोड़ने वाले और सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में लंबित अपराधों, शिकायतों और गुम इंसान के मामलों की समीक्षा की गई। धारा 173(8) के लंबित मामलों में धीमी प्रगति पर प्रभारियों को फटकार लगाते हुए आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि होलिका दहन की रात्रि और होली के दिन शहर के प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों पर कड़ी पुलिस सुरक्षा और ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन जांच की जाएगी। नशे में वाहन चलाने, स्टंटबाजी और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई होगी।

प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि थाने आने वाले फरियादियों की शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई करें, अधिनस्थ अधिकारियों और जवानों के काम की समीक्षा करें और उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करें। समंस-वारंटों के पालन, निगरानी और गुण्डा-बदमाशों की जांच, एनडीपीएस एक्ट के मामलों की इंड टू इंड विवेचना और ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। थाना प्रतापपुर और चंदौरा द्वारा बेहतर कार्य किए जाने पर प्रशंसा भी की गई।

एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने नागरिकों से अपील की कि वे होली पर्व को मर्यादित और सुरक्षित वातावरण में मनाएं, नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना के लिए सूरजपुर पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 94791-93999 पर संपर्क किया जा सकता है, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी अनूप एक्का, रीता नीलम कुजूर, डीएसपी अजाक पी.डी. कुजूर और जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Read More : आगामी होली के मद्देनजर पाटन में शांति समिति बैठक आयोजित, पुलिस ने हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई की कही बात


Related Articles