CG Surajpur News: सूरजपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सूरजपुर जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में समन्वित और सतत निगरानी अभियान संचालित किया गया।
316 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
20 फरवरी 2026 से 1 मार्च 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 316 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं 132 निगरानीशुदा, माफी व गुंडा बदमाशों की चेकिंग कर उन्हें अपराध से दूर रहने और किसी भी असामाजिक गतिविधि में शामिल न होने की सख्त हिदायत दी गई।
58 आदतन आरोपियों पर बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
अशांति फैलाने और आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए 58 आदतन आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखते हुए सूचना तंत्र को भी मजबूत किया।
सभी थाना-चौकियों में सक्रिय निगरानी
अभियान में जिले के सभी थाना-चौकी की पुलिस टीम सक्रिय रही। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस की अपील
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

