CG Surajpur News: सूरजपुर। जिले के वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पार्वतीपुर के कक्ष क्रमांक पी-17 स्थित झिंगरामाड़ा जंगल में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। जंगल में गिरे हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक मादा भालू, एक नर भालु और उसके शावक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से वन विभाग और ग्रामीणों में शोक और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जंगल क्षेत्र से गुजरने वाला उच्च क्षमता का बिजली तार टूटकर जमीन पर गिर गया था। इसी दौरान भोजन और विचरण की तलाश में निकले नर-मादा भालू और उसका शावक उसकी चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि टीम मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच करेगी और घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की मुख्य वजह जंगल में टूटकर गिरे बिजली तार हैं, जिनकी समय पर निगरानी और मरम्मत नहीं की गई। इसके अलावा इसमें बिजली विभाग की भी बड़ी लापरवाही बताई जा रही है।
लगातार हो रही वन्यजीवों की मौतों ने वन्यजीव संरक्षण और जंगलों से गुजरने वाली विद्युत लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि जंगल क्षेत्रों में बिजली लाइनों का नियमित निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत तारों की निगरानी और आवश्यक मरम्मत की गई होती, तो दो बेजुबान वन्यजीवों की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पार्वतीपुर क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल है।

