Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। कुदरगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चिकनी के नदीपारा वार्ड क्रमांक 11 में बीती रात जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। जंगल में मौजूद हाथियों के झुंड से एक हाथी बस्ती में पहुंच गया और ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ करने के साथ खेतों में खड़ी धान की फसल को रौंद दिया। हाथी ने घर के अंदर पाला-कोड़ी में रखा धान भी खा लिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी ने चंद्रिका सिंह और उनके भाइयों के मकानों को चारों तरफ से नुकसान पहुंचाया। परिवार के सदस्य एक ही मकान में अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। हाथी के उत्पात से देवमुनिया/जगदेव सिंह, चंद्रिका सिंह/जगदेव सिंह, सत्यनारायण सिंह/जगदेव सिंह और शिवप्रताप सिंह/जगदेव सिंह के घर प्रभावित हुए हैं। मकानों में तोड़फोड़ के अलावा घर में रखा अनाज भी हाथी ने खा लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से खतरा बढ़ता जा रहा है। हाथियों के अचानक बस्ती में पहुंचने से कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है। डर के कारण ग्रामीणों को रात में जागकर अपने घर और परिवार की सुरक्षा करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और बस्तियों में उनके प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।
हाथी के हमले से प्रभावित ग्रामीणों ने मकान, धान और खड़ी फसल को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता राशि और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संसाधन, जरूरी उपकरण और ग्रामीणों को बचाव के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि हाथियों से सुरक्षा और नुकसान के उचित मुआवजे के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते हाथियों के आतंक के बीच प्रशासन को किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

