Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के वन परिक्षेत्र घुई अंतर्गत तमोर पिंगला क्षेत्र के ग्राम भेलकच्छ के पास गुरुवार सुबह जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। कबरा कान नामक हाथी ने अचानक एक इको वाहन पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वाहन में सवार त्रिलोचन सिंह ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सुबह त्रिलोचन सिंह अपनी इको गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान भेलकच्छ के पास अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने वाहन पर हमला कर दिया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हमले के दौरान त्रिलोचन सिंह ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
तमोर पिंगला क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीण पहले से ही चिंतित हैं। सुबह के समय आबादी और सड़क के आसपास हाथी के पहुंचने तथा वाहन पर हमला करने की घटना से ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण उन्हें जरूरी काम से घरों से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और हाथी प्रभावित इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग की है। इसके साथ ही लोगों को हाथियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि की घटना को रोका जा सके।

