Surajpur Government Records Burning Case सूरजपुर। शासकीय कार्य में बाधा डालकर मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड को आग के हवाले करने वाले आरोपी को चौकी बसदेई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और सरकारी दस्तावेजों को पेट्रोल डालकर जला दिया था।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बांसापारा के रोजगार सहायक हीरा सिंह ने चौकी बसदेई में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 मार्च 2026 की शाम वह सरपंच संतोष सिंह और सचिव राधेश्याम के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान का ऑनलाइन रिकॉर्ड देखने के लिए आवास मित्र आशीष साहू के घर गए थे। इसी दौरान गांव का निवासी सर्वेश साहू वहां पहुंचा और मनरेगा की हाजिरी भरने को लेकर गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा। इसके बाद उसने मारपीट करते हुए उनके हाथ में रखे झोले से मनरेगा और आवास योजना से जुड़े दस्तावेज छीन लिए और उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे पूरा रिकॉर्ड जल गया।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 296(बी), 351(2), 115(2), 121(1), 132 और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जानकारी मिलने पर डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने विवेचना के दौरान दबिश देकर आरोपी सर्वेश साहू (24 वर्ष), पिता राजकुमार साहू, निवासी ग्राम बांसापारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

