Sukma News : सुकमा में स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर आई सामने, वाहन के अभाव में खाट पर मरीज को ले गए परिजन

Sukma News : सुकमा में स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर आई सामने, वाहन के अभाव में खाट पर मरीज को ले गए परिजन

Chhattisgarh Sukma News: सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एलंपल्ली गांव में एक बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों को खाट का सहारा लेना पड़ा। वाहन उपलब्ध नहीं होने पर परिजनों ने महिला को खाट पर लिटाया और बारी-बारी से कंधों पर उठाकर कई किलोमीटर का सफर तय करते हुए जगरगुंडा अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय माड़वी पाले पिछले तीन दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तत्काल वाहन उपलब्ध नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों ने खाट को ही अस्थायी एंबुलेंस बना लिया और महिला को लेकर जगरगुंडा अस्पताल के लिए रवाना हुए। परिवार के सदस्य बारी-बारी से खाट को कंधे पर उठाकर मरीज को अस्पताल तक लेकर गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले में एंबुलेंस चालक की ओर से अलग दावा सामने आया है। चालक का कहना है कि परिजनों ने एंबुलेंस के लिए फोन नहीं किया था। साथ ही वाहन भी कुछ दिनों से खराब था। हालांकि, वायरल वीडियो ने सुकमा जैसे दूरस्थ इलाकों में सड़क, परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है। आपात स्थिति में समय पर एंबुलेंस या अन्य परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को किस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है, यह घटना उसकी तस्वीर पेश करती है।


Related Articles