Sukma News : सुकमा पुलिस के साइबर जागृति अभियान को मिला ए.आर. रहमान का साथ, 1930 पर शिकायत की अपील

Sukma News : सुकमा पुलिस के साइबर जागृति अभियान को मिला ए.आर. रहमान का साथ, 1930 पर शिकायत की अपील

Chhattisgarh Sukma News : सुकमा। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ को प्रसिद्ध गायक और संगीतकार ए.आर. रहमान का भी साथ मिला है। सुकमा पुलिस की विशेष अपील पर ए.आर. रहमान ने साइबर जागरूकता को लेकर वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की।

ए.आर. रहमान ने अपने संदेश में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। उनका यह संदेश साइबर सुरक्षा के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने और अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मददगार माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ पुलिस और राज्य शासन की पहल पर 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में सुकमा पुलिस द्वारा अभियान के तहत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पुलिस का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को जन-जागरूकता का व्यापक अभियान बनाना है।

सुकमा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग से जुड़ी किसी भी जानकारी को अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। पुलिस ने कहा है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ‘साइबर जागरूक बनें और सुरक्षित डिजिटल भविष्य से जुड़ें।’।


Related Articles