अंतरराज्यीय सीमाओं पर सख्ती, आबकारी विभाग की अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान के दिए निर्देश

अंतरराज्यीय सीमाओं पर सख्ती, आबकारी विभाग की अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान के दिए निर्देश

Chhattisgarh Excise Department Action रायपुर। आबकारी विभाग की सचिव सह आबकारी आयुक्त आर. शंगीता ने नवा रायपुर स्थित कार्यालय में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों को अन्य राज्यों से आने वाली मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अवैध मदिरा एवं मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में सभी जिलों के अधिकारी, उड़नदस्ता दल, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव सह आयुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जिलेवार ठोस रणनीति बनाने और दुकानवार समीक्षा कर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप मदिरा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो। दुकानों में उपलब्ध मदिरा को नियमानुसार दरों सहित रैकों में प्रदर्शित करने और नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

जिन जिलों ने जनवरी तक राजस्व लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, उन्हें सतत कार्य जारी रखने को कहा गया, वहीं लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को कारणों की समीक्षा कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। मदिरा में मिलावट रोकने के लिए जिला अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन आकस्मिक निरीक्षण करने और अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों को कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानों में पेटीएम सहित अन्य कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था करने को कहा गया।

आयुक्त ने प्रदेश में संचालित बार, क्लब, होटल और ढाबों की आकस्मिक जांच करने तथा निर्धारित समय के बाद संचालन या अवैध मदिरा विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अवैध मदिरा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित करने को भी कहा गया।

अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित जांच चौकियों को विशेष निगरानी रखने और सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त विभाग में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण, पेंशन एवं अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निपटाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव आबकारी विभाग देवेन्द्र सिंह भारद्वाज सहित मुख्यालय, संभागीय एवं जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More : यात्रियों के लिए खुशखबरी! होली पर दुर्ग–मधुबनी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला


Related Articles