Kawardha News: कवर्धा। जिले में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत निर्मित ग्रामीण सड़कों पर निर्धारित भार क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने समय-सीमा की बैठक में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना कवर्धा के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जिले में योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के लगातार आवागमन की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके अलावा अवैध रूप से मुरूम का उत्खनन कर परिवहन किए जाने के मामले भी सामने आए हैं। ओवरलोड वाहनों के आवागमन और अवैध उत्खनन एवं परिवहन के कारण ग्रामीण सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जिला खनिज अधिकारी और जिला परिवहन अधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय राशि से निर्मित ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और उपयोगिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। निर्धारित भार क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन के साथ ही अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने और ओवरलोड वाहनों तथा अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों को सुरक्षित और लंबे समय तक उपयोगी बनाए रखने के लिए नियमों का पालन जरूरी है।
कलेक्टर ने ग्रामवासियों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं परिवहन या निर्धारित क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित राजस्व, खनिज और परिवहन विभाग के अधिकारियों को दें। सूचना के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

