Surajpur Bike Theft Case सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मामला 4 अप्रैल 2026 का है, जब ग्राम चुनगढ़ी निवासी अनुज एक्का अपनी हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (सीजी 15 सीजे 9379) से वर्ल्ड मोबाइल दुकान गया था। उसने दुकान के सामने बाइक खड़ी की और अंदर चला गया। कुछ देर बाद जब वह बाहर लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। अज्ञात चोर द्वारा बाइक चोरी किए जाने पर पीड़ित ने 7 अप्रैल को थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, जिससे संदिग्धों की पहचान में मदद मिली। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल पर सागर चौधरी और आकाश साय घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने आकाश साय की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 60 हजार रुपये कीमत की चोरी गई मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर चौधरी (22 वर्ष), निवासी बाजारपारा भटगांव और आकाश साय (22 वर्ष), निवासी भटगांव के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

