Raipur Maudhapara Knife Attack राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में रमजान के दौरान इफ्तारी लेने जा रहे दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार (16 मार्च) की शाम मौदहापारा इलाके में बाइक सवार दो युवकों पर कथित तौर पर ‘रक्सेल गैंग’ से जुड़े लोगों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी पुरानी रंजिश को लेकर यह विवाद हुआ है।
घटना के बाद घायल युवक और उनके समाज के लोग बड़ी संख्या में मौदहापारा थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। दूसरी ओर गैंग से जुड़े कुछ लोग भी तलवार लेकर वहां पहुंच गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी की भी जानकारी सामने आई है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर हालात को नियंत्रित किया।
चाकूबाजी की खबर मिलते ही मौदहापारा क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में थाने के बाहर एकत्रित होकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, जिसके चलते वहां काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
हमले में घायल युवकों की पहचान मौदहापारा निवासी मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली के रूप में हुई है। घायलों का आरोप है कि रवि रक्सेल, अभय और हर्ष ने पहले विवाद किया और उसके बाद चाकू से हमला कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई। वहीं बजरंग दल के कुछ सदस्यों ने भी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव किया। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ितों और उनके परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और मामले की जांच जारी है।

