Chhattisgarh News: रायपुर: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या और अपने जन्मदिन के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने श्रमिकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की। छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल द्वारा आयोजित ‘हितग्राही सम्मान समारोह’ में उन्होंने लगभग 500 महिला एवं पुरुष श्रमिकों को साइकिल खरीदने हेतु 17 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कराई।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए श्रमिकों को लाभान्वित किया गया। इनमें रायपुर जिले के 372 श्रमिक (291 पुरुष, 81 महिलाएं), रायगढ़ से 23, दुर्ग से 25, बलौदा बाजार से 12, कोरबा से 9, धमतरी और राजनांदगांव से 6-6 तथा जांजगीर-चांपा से 1 श्रमिक शामिल रहे।
समारोह के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने 500 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक प्रदान किए। प्रत्येक श्रमिक को करीब 3,697 रुपये की सहायता राशि DBT के माध्यम से दी गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से श्रमिकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
श्रमिक कल्याण की मजबूत नींव
छत्तीसगढ़ में श्रमिक कल्याण की वर्तमान व्यवस्था की नींव बृजमोहन अग्रवाल के श्रम मंत्री कार्यकाल (2003–2008) के दौरान रखी गई थी। उनके द्वारा शुरू की गई कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आज भी लाखों श्रमिकों को मिल रहा है। वर्तमान में श्रम कल्याण मंडल की 14 प्रमुख योजनाएं उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम मानी जाती हैं, जिनमें न्यूनतम वेतन, पीएफ, बीमा और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
जन्मदिन पर सेवा का संदेश
1 मई, जो अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस है, उसी दिन बृजमोहन अग्रवाल का जन्मदिन भी है। अपने जन्मदिन से पहले श्रमिकों को यह आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्होंने यह संदेश दिया कि उनके लिए जनसेवा ही सबसे बड़ा उत्सव है। उन्होंने सभी श्रमिकों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष मोहन एंटी, राम कृष्ण धीवर सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और 500 से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

