छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश समेत इन राज्यों में होगी SIR, आज रात 12 बजे से फ्रीज कर दी जाएगी मतदाता सूची

छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश समेत इन राज्यों में होगी SIR, आज रात 12 बजे से फ्रीज कर दी जाएगी मतदाता सूची

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। आज सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि, देश के 12 राज्यों में बहुत जल्द ही SIR की शुरुआत होगी। इन राज्यों में अंडमान निकोबार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल के नाम शामिल है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि, बिहार के बाद SIR का दूसरा फेज है। इसमें मतदाता सूची के अपडेशन, नए वोटरों के नाम जोड़ने और त्रुटियों को सुधारने का काम किया जाएगा। आज रात से ही इन राज्यों में वोटर लिस्ट फ्रीज हो जाएगी। ज्ञानेश कुमार ने बताया कि मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण मंगलवार यानी कल से शुरू होगा। हमने SIR की शुरुआत बिहार से की थी। यहां SIR कामयाब रहा। इसे लेकर राज्य में जीरो शिकायत मिली।।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया, 21 साल पहले किया गया था आखिरी SIR
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि देश में 21 साल पहले आखिरी विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया था। उन्होंने बताया कि SIR में सभी योग्य मतदाताओं को जोड़ा जाएगा और अयोग्य मतदाताओं को वोटर लिस्ट से बाहर किया जाएगा। सीईसी ने आगे कहा कि चुनावों से पहले SIR किया जाना सबसे ज्यादा जरूरी है। अब तक देश में 1951 से 2004 के बीच आठ बार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) हुआ है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि राजनीतिक दलों ने कई मौकों पर मतदाता सूचियों की गुणवत्ता का मुद्दा उठाया है।

हर घर पर तीन बार जाएंगे BLO
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि दूसरे चरण में हर घर पर BLO तीन बार जाएंगे और मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे। सभी जानकारी को स्टोर कर BLO उसे जिला प्रशासन के पास जमा कराएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया होनी है, वहां आज रात 12 बजे से मतदाता सूची फ्रीज हो जाएगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


Related Articles