West Bengal New CM Shubhendu Adhikari: कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक में वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया। इसके बाद अमित शाह ने उनके नाम पर औपचारिक मुहर लगाई।
जानकारी के अनुसार, राज्यपाल से सरकार गठन का न्योता मिलने के बाद शनिवार सुबह कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा ने हालिया विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर राज्य में पहली बार सरकार बनाने का दावा किया है।
इससे पहले राज्यपाल ने 17वीं विधानसभा को भंग कर दिया था, जिसके बाद नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा के बीच टकराव लगातार चर्चा में बना हुआ है।
शुभेंदु अधिकारी को भाजपा की जीत का प्रमुख रणनीतिकार माना जा रहा है। उन्होंने 2021 में नंदीग्राम और इस बार भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। भाजपा की ऐतिहासिक जीत में उनकी भूमिका को निर्णायक माना जा रहा है।
भाजपा की इस जीत के साथ पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है और अब सबकी नजरें नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल पर टिकी हैं।

