Raipur Truck Theft News रायपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चालान से बचने के लिए एक ट्रक ड्राइवर ने ट्रैफिक थाने में खड़े अपने ही ट्रक को चोरी कर फरार होने की कोशिश की। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान डबलू कुमार यादव के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 को CG/07/AZ/5831 नंबर का ट्रक नो-एंट्री में प्रवेश करते हुए पकड़ा गया था। इस पर यातायात पुलिस ने मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटा और ड्राइवर को जुर्माना भरने के निर्देश दिए। जुर्माना नहीं भरने पर ट्रक को यातायात थाना भनपुरी परिसर में खड़ा कर दिया गया।
इसके बाद 2 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि थाना परिसर में खड़ा ट्रक अचानक गायब हो गया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए खमतराई थाना पुलिस में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रक को लेकर राजनांदगांव की ओर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को डोंगरगांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह उसी ट्रक का ड्राइवर है और चालान की राशि से बचने के लिए उसने यह कदम उठाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में त्वरित और सतर्क कार्रवाई के चलते एक बड़ी वारदात को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और थाने की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

