Patan News Today : विकासखंड पाटन की ग्राम पंचायत देवादा की सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में विकास और सामाजिक सरोकारों दोनों को प्राथमिकता देते हुए गांव में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को हर सुख-दुख में सहयोग प्रदान किया। बीते वर्ष में सरपंच वर्मा ने 10 परिवारों को दशगात्र के अवसर पर सहायता राशि और चावल उपलब्ध कराया। इसके अतिरिक्त 17 परिवारों के बेटों-बेटियों की शादी और 2 परिवारों के जन्मोत्सव में आर्थिक सहायता देकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
लक्ष्मी नीलू वर्मा ने विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सहयोग राशि प्रदान कर सामुदायिक एकजुटता को मजबूत किया। उनके कार्यकाल में ग्राम पंचायत में कई आधारभूत विकास कार्य भी संपन्न हुए। इनमें बंधवा पारा में सीसी रोड का निर्माण, वार्ड क्रमांक 2 में नाली निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण, मंगलू देवता स्थल पर पेवर ब्लॉक एवं चबूतरा निर्माण, और श्मशान घाट में शेड एवं प्रतीक्षालय निर्माण शामिल हैं। इन कार्यों से गांव की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ और ग्रामीणों को सीधे लाभ मिला।
सुरक्षा और आवास सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। गांव के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी में सहायता मिली। साथ ही 45 जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा ने विकास के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी महत्व देते हुए ग्राम पंचायत देवादा को प्रगति और सामाजिक सौहार्द की दिशा में आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया है।

