Raipur Urla Murder Case News रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में हुई महिला हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित सिसोदिया (पारधी) को हिरासत में लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 31 मार्च 2026 की शाम थाना उरला क्षेत्र स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर के पीछे एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। बच्चों द्वारा दी गई इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला के सिर और चेहरे पर पत्थर से वार के गंभीर निशान पाए गए। घटनास्थल से खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। इस पर थाना उरला में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मयंक गुर्जर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा एवं थाना उरला पुलिस की टीम ने जांच तेज की। सीन ऑफ क्राइम टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और मृतका की पहचान राधा पट्टी (30 वर्ष), निवासी अनुपपुर मध्यप्रदेश, हाल निवासी पारधी मोहल्ला उरला के रूप में की गई।
जांच के दौरान पुलिस को उरला निवासी अमित सिसोदिया पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी प्रेमिका थी और वह अपने पूर्व पति को छोड़कर उसके साथ रह रही थी। आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते आवेश में आकर पत्थर से वार कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मामले में पुलिस की त्वरित जांच और कार्रवाई से हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है।

