मध्य प्रदेश पुलिस के विशेष पुलिस महानिदेशक (रेल) और 1992 बैच के आईपीएस अफसर मनीष शंकर शर्मा का दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। उनके पिता कृपा शंकर शर्मा मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव रह चुके थे। शर्मा ने संयुक्त राष्ट्र, केंद्र और मध्य प्रदेश में विभिन्न पदों पर कार्य किया था।
शर्मा पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। इसके चलते उनका दिल्ली में इलाज चल रहा था। उनका पार्थिव शरीर आज विमान से भोपाल लाया गया। उनका आज ही राजधानी भोपाल में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शर्मा पिछले दिनों ही पदोन्नत होकर विशेष पुलिस महानिदेशक (रेल) बनाए गए थे। उन्होंने इसके पहले राज्य के कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के तौर पर कार्य किया था। इसके अलावा उन्होंने 1997-98 में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत बोस्निया और हर्जेगोविना में कार्य किया, जहां उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई सम्मान प्राप्त हुए थे। अमेरिका के कैलिफोर्निया के सैन डिएगो शहर में उन्हें एक विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद इस शहर में उनके नाम पर एक मार्ग भी बनाया गया है।
पीटीआई के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी शर्मा नियमित जांच के लिए दिल्ली गए थे, जहां रविवार देर रात अचानक हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया। मृतक आईपीएस अधिकारी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं।
सीएम मोहन यादव ने दी शर्मा को श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ आईपीसएस अधिकारी मनीष शंकर शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। डॉ. यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, ”मध्य प्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक, रेल श्री मनीष शंकर शर्मा जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। पुलिस सेवा में तत्पर्य एक निष्ठावान, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी का असमय चले जाना निश्चित ही प्रदेश और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारजनों यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दें, यही प्रार्थना करता हूँ। विनम्र श्रद्धांजलि! ॐ शांति!”