Surajpur Sarpanch Sangh Protest सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर विभिन्न मांगों को लेकर सरपंच संघ ने धरना प्रदर्शन किया। जिला सरपंच संघ के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में सरपंच शामिल हुए और घंटों तक जनपद कार्यालय के बाहर बैठकर नारेबाजी की। बाद में सरपंचों ने अपनी मांगों को लेकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
सरपंच संघ की प्रमुख मांगों में 50 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों में ग्राम पंचायत को एजेंसी बनाने, धरती अंबा योजना के अंतर्गत पूरे सरगुजा संभाग की ग्राम पंचायतों को शामिल करने तथा पांचवी एवं 16वीं वित्त आयोग की राशि तत्काल जारी करने की मांग शामिल है। इसके अलावा सरपंचों ने मानदेय 15 हजार रुपये तथा 5 हजार रुपये पेंशन, पंचों का मानदेय 2 हजार रुपये, ग्राम पंचायतों को मिलने वाली मूलभूत राशि 5 लाख रुपये करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिवर्ष एक करोड़ रुपये तक निर्माण बजट का प्रावधान करने की मांग रखी।
संघ ने यह भी मांग की कि सभी शासकीय कार्यक्रमों के लिए ग्राम पंचायतों को अलग से बजट दिया जाए तथा जनपद सदस्यों का मानदेय 20 हजार रुपये किया जाए। धरना प्रदर्शन में सरपंच संघ अध्यक्ष नन्देव सिंह, उपाध्यक्ष सुरनेखा पैकरा, पिंकी टेकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई गई।

