CG Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। लंबे समय से बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज सफाई ठेकेदार बुधवार सुबह से हड़ताल पर चले गए हैं। ठेकेदारों के काम बंद करने से नगर निगम क्षेत्र के सभी 70 वार्डों में सफाई कार्य ठप हो गया है, जिससे शहर में गंदगी बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।
चार महीने से नहीं हुआ भुगतान
सफाई ठेकेदारों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा पिछले चार महीनों से भुगतान नहीं किया गया है। ठेकेदारों के अनुसार, सभी वार्डों के सफाई कार्य के लिए हर महीने करीब 4 करोड़ रुपये का भुगतान होना चाहिए, लेकिन लंबे समय से राशि जारी नहीं होने के कारण आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है।
ठेकेदारों का कहना है कि उन्हें सफाई कर्मचारियों का वेतन और अन्य खर्च भी वहन करना पड़ता है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भुगतान नहीं होने से मजबूर होकर हड़ताल का निर्णय लिया गया है।
निगम प्रशासन को पहले ही दी थी चेतावनी
हड़ताल पर गए ठेकेदारों ने बताया कि पिछले सप्ताह नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बकाया भुगतान जल्द जारी करने की मांग की गई थी। इसके अलावा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी को भी ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शहर की सफाई व्यवस्था पर मंडराया संकट
ठेकेदारों ने स्पष्ट किया है कि जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। ऐसे में राजधानी के 70 वार्डों में कचरा उठाव और सफाई कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
पहले भी हो चुका है सफाई कर्मियों का आंदोलन
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रामकी कंपनी के सफाई कर्मचारियों ने भी विभिन्न मांगों को लेकर काम बंद कर दिया था। अब ठेकेदारों की हड़ताल ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की चुनौतियों को और बढ़ा दिया है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो शहरवासियों को गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

