Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और विरोध करने पर टांगी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त खून से सनी टांगी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की रात प्रार्थी ने जैजैपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी उमेश कुमार पलांगे (32) ने घर में घुसकर उसकी नाबालिग भतीजी के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने टांगी से उसके चेहरे, सिर और गले पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालिका को उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 131(7), 64(1), 109(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर उपजेल सक्ती भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राठौर सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

