भिलाई में सड़क सुरक्षा माह का समापन, दुर्ग पुलिस ने सुरक्षित यातायात और दुर्घटना रोकथाम के लिए लोगों को किया जागरूक

भिलाई में सड़क सुरक्षा माह का समापन, दुर्ग पुलिस ने सुरक्षित यातायात और दुर्घटना रोकथाम के लिए लोगों को किया जागरूक

दुर्ग/भिलाई। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का समापन कार्यक्रम दिनांक 31 जनवरी 2026 को कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 550 छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक और समाजसेवी संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे।

कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर जोर देते हुए बताया गया कि दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का उपयोग न करना और नशे में वाहन चलाना गंभीर दुर्घटनाओं एवं मौतों के मुख्य कारण हैं। नागरिकों से अपील की गई कि वे हेलमेट का उपयोग करें और नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके।

दुर्ग पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान भिलाई स्टील प्लांट की इंद्रधनुष टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का प्रभावी संदेश दिया। इसके अलावा बीएसपी स्कूल सेक्टर–10 और विशेष बच्चों की टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए जागरूकता बढ़ाई।

दिनांक 18 जनवरी 2026 को आयोजित रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, रक्तदान शिविर और यातायात नियमों की जागरूकता में सक्रिय योगदान देने वाले समाजसेवी संस्थाओं और व्यक्तियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व, सतत जनजागरूकता और सुरक्षित यातायात के संकल्प के साथ किया गया। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें, और नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं। सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की गारंटी है।

Read More : रात में एक्स-गर्लफ्रेंड के घर में घुसकर युवक ने किया ऐसा कांड, जान से मारने की दी धमकी, 3 साल पहले था रिलेशन


Related Articles