Mitanin Health Panchayat Conference : रामगढ़ में मितानिनों का स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन, मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल, समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा

Mitanin Health Panchayat Conference : रामगढ़ में मितानिनों का स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन, मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल, समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा

Ramgarh Mitanin Health Panchayat Conference रायपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत रामगढ़ में मितानिनों द्वारा आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान मंत्री अग्रवाल ने मितानिन बहनों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

मंत्री ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे मजबूत कड़ी हैं। वे शासन की स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार मितानिनों के हर प्रयास में उनके साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करेगी।

सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत स्तर की स्वास्थ्य समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों तक पहुंचाना और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में उदयपुर विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों से 389 मितानिन, 20 मितानिन प्रशिक्षक, दो ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर और पांच विकासखंड समन्वयक शामिल हुए।

मितानिनों ने सम्मेलन के दौरान क्षेत्र की स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों को अधिकारियों के समक्ष रखा। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने और ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।

जिला समन्वयक अर्चना कुशवाहा ने बताया कि मितानिन बहनें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के माध्यम से समुदाय को सशक्त बना रही हैं। वहीं विकासखंड समन्वयक गायत्री श्रीवास्तव और मानकुंवर प्रजापति ने मितानिनों को स्वास्थ्य तंत्र की रीढ़ बताया।

सम्मेलन में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल सैकड़ों आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, पीएचई, खाद्य विभाग, जनपद पंचायत, पुलिस, विद्युत, शिक्षा, बैंक और विधायक स्तर से संबंधित मामले शामिल थे। मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने सम्मेलन को सफल और प्रभावी बनाया।

Read More : UGC NET Exam Results : बलरामपुर की सीतामुनी हड्डे ने UGC NET परीक्षा में रचा कीर्तिमान, हासिल किया 90.56 पर्सेंटाइल


Related Articles