Rajya Sabha Election News रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की पांच सीटों में से दो सीटें 9 अप्रैल 2026 को रिक्त हो रही हैं। राज्यसभा सदस्य कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल पूर्ण होने के कारण इन पदों पर द्विवार्षिक निर्वाचन कराया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने 18 फरवरी को प्रेस नोट जारी कर निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों के लिए अधिसूचना 26 फरवरी को जारी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अभ्यर्थी 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।
नामांकन पत्र 26 फरवरी से 5 मार्च 2026 तक (सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर) सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन स्थित निर्धारित स्थान पर रिटर्निंग ऑफिसर, सचिव छत्तीसगढ़ विधानसभा के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
राज्यसभा चुनाव में राज्य के कुल 90 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वर्तमान विधानसभा संरचना के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के 54, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 35 तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के 1 विधायक मतदान में भाग लेंगे। मतदान गोपनीय मतपत्र के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा।

