राजनांदगांव के युवा वेटलिफ्टर रेहान खान ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, 94 किलोग्राम यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम किया रोशन

राजनांदगांव के युवा वेटलिफ्टर रेहान खान ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, 94 किलोग्राम यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम किया रोशन

Rehan Khan Weightlifting News : मोदीनगर में 03 से 14 फरवरी तक आयोजित प्रतिष्ठित ओपन नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव निवासी युवा खिलाड़ी रेहान खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ वर्ग 94 किलोग्राम ग्रुप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल अपने जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

रेहान खान ने स्नेच में 125 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 161 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 286 किलोग्राम भार के साथ उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी साबित की। उल्लेखनीय है कि इस चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ को मिला एकमात्र स्वर्ण पदक रेहान खान के खाते में आया।

उनकी इस सफलता को कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है। रेहान की उपलब्धि से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद रेहान खान ने विजय बघेल (दुर्ग लोकसभा सांसद एवं प्रदेश वेटलिफ्टिंग संघ अध्यक्ष) से उनके सेक्टर-5 भिलाई स्थित निवास पर सौजन्य भेंट की और उन्हें गुलदस्ता भेंट किया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने रेहान को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो गर्व का विषय है।

कार्यक्रम में प्रदेश वेटलिफ्टिंग संघ के उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, कोच अजय लोहार, रेहान के पिता मजहर खान, छबि राम विश्वकर्मा एवं कोमल सोनी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने रेहान की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके निरंतर सफलता की कामना की। रेहान खान की यह सफलता निश्चित रूप से आने वाले समय में प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी।

Read More : शिव मंदिर शिवपार्क कॉलोनी में मनाया जाएगा छठवां स्थापना दिवस, महाशिवरात्रि पर विविध धार्मिक आयोजन


Related Articles