रायपुर के शातिर दोपहिया वाहन चोर गिरफ्तार, चाबी बनाने वाले मददगार को भी पुलिस ने पकड़ा, 11 गाड़ियां बरामद

रायपुर के शातिर दोपहिया वाहन चोर गिरफ्तार, चाबी बनाने वाले मददगार को भी पुलिस ने पकड़ा, 11 गाड़ियां बरामद

raipur bike theft case राजधानी में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो शातिर चोरों के साथ एक अवैध तरीके से डुप्लीकेट चाबी बनाने वाले मिस्त्री को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई 11 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.40 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुलदीप गेंडरे उर्फ जानू, करण साहू उर्फ बाका और शेख स्वालेह शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अन्य संभावित सदस्यों की तलाश भी जारी है।

पुलिस को 19 मार्च को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि कचना स्थित शराब दुकान के पास कुछ युवक बिना नंबर की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मौके पर दबिश देकर कुलदीप गेंडरे और करण साहू को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने टालमटोल करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही उन्हें लेकर फरार हो जाते थे।

पूछताछ के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमें सामने आया कि आरोपी चोरी की गई गाड़ियों को चलाने और बेचने के लिए मोवा निवासी शेख स्वालेह से अवैध तरीके से डुप्लीकेट चाबी बनवाते थे। शेख स्वालेह पेशेवर अंदाज में किसी भी वाहन की चाबी बेहद कम समय में तैयार कर देता था, जिससे चोरी के बाद गाड़ियों को आसानी से इधर-उधर ले जाया जा सके। पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का हिस्सा रहे मिस्त्री को भी गिरफ्तार कर लिया है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद सभी 11 वाहनों के असली मालिकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है और भविष्य में इस तरह के अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।

Read More : छत्तीसगढ़ कैडर के IAS रवि मित्तल की PMO में नियुक्ति, 4 साल के लिए बने डिप्टी सेक्रेटरी, अभी जनसंपर्क विभाग में हैं सीपीआर


Related Articles