Raipur Theft Case : रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता, फोटो कॉपी दुकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, सामान भी बरामद

Raipur Theft Case : रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता, फोटो कॉपी दुकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, सामान भी बरामद

Raipur Theft Case रायपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एक फोटो कॉपी दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद इजहान खान के रूप में हुई है, जो पूर्व में भी चोरी के एक दर्जन से अधिक मामलों में जेल जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुनील मिश्रा ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी “प्रतिक्षा फोटो कॉपी” दुकान, जो जिला अभियोजन कार्यालय के बाजू में स्थित है, में 2 और 3 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की दराज में रखी नकद राशि और एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 66/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया, जिससे आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान राजा तालाब, नई बस्ती, सिविल लाइन निवासी मोहम्मद इजहान खान के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 1200 रुपये नकद राशि और एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इजहान खान एक शातिर चोर है और रायपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के एक दर्जन से अधिक मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद इजहान खान, पिता स्वर्गीय मुस्ताक खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी ईएलसी चर्च के पास, राजा तालाब, नई बस्ती, थाना सिविल लाइन, रायपुर बताया गया है।

Read More : जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश का राज खुला, शव की पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर रखा पत्थर, आरोपी गिरफ्तार


Related Articles