Raipur Rape Case रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के पंडरी थाना क्षेत्र में दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की उगाही करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना पंडरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह वर्ष 2019 से 2025 तक रिलायंस स्टोर में कार्यरत थी, जहां आरोपी नित्या कुमार बरिहा भी काम करता था। आरोपी ने शादी का झांसा देकर मोवा-पंडरी स्थित किराये के मकान में ले जाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी ने पैसों की आवश्यकता बताकर 18 जनवरी 2025 को पीड़िता से ऑनलाइन माध्यम से 52 हजार रुपये प्राप्त किए। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 3 लाख 67 हजार रुपये की उगाही की।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की लोकेशन प्राप्त की गई, जिसके बाद नित्या कुमार बरिहा को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा मोबाइल फोन प्रस्तुत नहीं करने तथा ब्लैकमेलिंग की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 308(2) एवं 238 बीएनएस भी जोड़ी गई है। आरोपी नित्या कुमार बरिहा (30), पिता लखेराम बरिहा, निवासी ग्राम डोंगरीपाली, थाना सांकरा, जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

