रायपुर पॉलिटेक्निक में 15 दिवसीय स्टूडेंट इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ, साइबर सुरक्षा और व्यक्तित्व विकास का मिलेगा प्रशिक्षण

रायपुर पॉलिटेक्निक में 15 दिवसीय स्टूडेंट इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ, साइबर सुरक्षा और व्यक्तित्व विकास का मिलेगा प्रशिक्षण

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। शासकीय सह-शिक्षा पॉलिटेक्निक, रायपुर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें संस्थान के शैक्षणिक, तकनीकी एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने के उद्देश्य से 3 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक 15 दिवसीय स्टूडेंट इंडक्शन (प्रबोधन) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्राचार्य एस. के. सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर संस्थान के सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

15 दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, नैतिक मूल्य, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, साइबर सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन तथा रोजगारोन्मुखी कौशलों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विशेषज्ञों के प्रेरक व्याख्यान, योग, खेलकूद, समूह गतिविधियां तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास हो सके।

इस अवसर पर प्राचार्य एस. के. सिंह ने कहा कि स्टूडेंट इंडक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की कार्यप्रणाली और शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और व्यावसायिक दक्षताओं का विकास करना है, ताकि वे तकनीकी शिक्षा के साथ अपने जीवन और करियर में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान परिवार ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके सफल, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


Related Articles