जयपुर में रायपुर की कवयित्री शुभा शुक्ला ‘निशा’ को ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड, बनीं छत्तीसगढ़ की ब्रांड एम्बेसडर

जयपुर में रायपुर की कवयित्री शुभा शुक्ला ‘निशा’ को ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड, बनीं छत्तीसगढ़ की ब्रांड एम्बेसडर

रायपुर। भव्या फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन एवं ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड–2026 का भव्य आयोजन जयपुर के सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी, जगतपुरा स्थित कालिंदी ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम कैंसर पीड़ितों, ऑटिस्टिक एवं विशेष योग्यजन बच्चों को समर्पित रहा, जिसमें देश-विदेश से आई करीब 200 प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी एवं उद्यमी अशोक माहेश्वरी तथा एडवोकेट राजीव कुमार रंजन (नई दिल्ली) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। वहीं, पोस्टर विमोचन जयपुर हेरिटेज की मेयर कुसुम यादव, पवन अरोरा, डॉ. जगदीश प्रसाद, अशोक जांगिड़ और चंद्रशेखर चौधरी द्वारा किया गया।

समारोह की विशेष उपलब्धि रही रायपुर (छत्तीसगढ़) की वरिष्ठ कवयित्री एवं समाजसेविका शुभा शुक्ला ‘निशा’, जिन्हें न केवल ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड–2026 से सम्मानित किया गया, बल्कि उन्हें छत्तीसगढ़ के लिए ब्रांड एम्बेसडर भी घोषित किया गया। यह सम्मान उन्हें मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी द्वारा प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में ऑटिस्टिक और विशेष योग्यजन बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ—गायन, वादन और नृत्य—विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मास्टर शिवेन, भगवान दास लोधी, शिवम, अंशुल सैनी और निर्मल विवेक स्पेशल स्कूल के बच्चों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।

इसके साथ ही डॉ. नीता शर्मा (मिसेज इंडिया 2022 फर्स्ट रनर अप), परमिला बेदी, माधुरी विष्णु गोवलकर, सुरभि माथुर और वान्या श्रीवास्तव ने विभिन्न राज्यों की प्रतिभाशाली महिलाओं को उनके प्रांत का ब्रांड एम्बेसडर घोषित किया और मंच पर भव्य रैंपवॉक भी प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा, समाज सेवा, कला, उद्यम, कृषि, फिल्म, फैशन और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही कई साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी की एंकर RJ सपना ने किया, जबकि शुरुआत श्रव्या माथुर की गणेश वंदना एवं राष्ट्रगान से हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में संस्कृति दीक्षित, अनुज माथुर, आरती वर्मा और अनाबिया खान ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

भव्या फाउंडेशन के संस्थापक शैलेन्द्र माथुर एवं निदेशक डॉ. निशा माथुर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।

इस उपलब्धि पर टीम वक्ता मंच के राजेश पराते, शुभम साहू, मनीष अवस्थी, ज्योति शुक्ला, हेमलाल पटेल, दुष्यंत साहू, चेतन भारती, हरिशंकर सोनी सहित सभी पदाधिकारियों ने शुभा शुक्ला ‘निशा’ को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


Related Articles