रायपुर में पुलिस ने दो विदेशी महिला नागरिकों को हिरासत में लिया है। दोनों महिलाएं उज्बेकिस्तान की रहने वाली बताई जा रही हैं। ये महिलाएं वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी पिछले कई वर्षों से रायपुर में रह रही थीं। मुखबिर से मिली सूचना के बाद तेलीबांधा पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
फिलहाल पुलिस के साथ आईबी दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और उनके दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
IPS-CSP की टीम कर रही पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तेलीबांधा इलाके में दो विदेशी महिलाएं लंबे समय से रह रही हैं, लेकिन उनके वीजा और रहने की स्थिति को लेकर संदेह है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिलाओं ने खुद को उज्बेकिस्तान का नागरिक बताया है। हालांकि, वे किस वीजा पर भारत आई थीं और वर्तमान में उनका वीजा वैध है या नहीं, इसकी पुष्टि की जा रही है।
अफसरों ने दस्तावेज जब्त किए
पुलिस ने दोनों महिलाओं के पासपोर्ट, वीजा और अन्य पहचान से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। दस्तावेजों की वैधता की पुष्टि के लिए संबंधित एजेंसियों और विदेशी पंजीकरण कार्यालय (FRRO) से संपर्क किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर इमिग्रेशन विभाग को भी मामले की जानकारी दी जाएगी।
फिलहाल दोनों विदेशी महिलाओं को पुलिस हिरासत में रखा गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि वीजा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
पहले भी विदेशी युवती की हो चुकी है गिरफ्तार
11 महीने पूर्व भी रायपुर में विदेशी युवती गिरफ्तार हो चुकी है। विदेशी युवती और उसका साथी शराब के नशे में तेज रफ्तार गाड़ी चलाते हुए हादसे को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की तो जांच के बाद बड़े सेक्स रैकेट ग्रुप का खुलासा हुआ था।
दरअसल, यह मामला 6 फरवरी 2025 की रात करीब 12:30 बजे का है, जब उज़्बेकिस्तान ताशकंद की रहने वाली युवती अपने वकील दोस्त के साथ VIP रोड पर भारत सरकार लिखी कार चला रही थी। वह नशे में थी। उसने स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए, जिसमें एक की मौत हो गई थी। घटना के बाद कार से बाहर निकलने के बाद विदेशी युवती ने हंगामा शुरू कर दिया था। मौके पर उसका फोन गुम गया था। जिसके बाद वहां खड़े लोगों पर फोन रखने का आरोप लगाकर मोबाइल मांगने लगी। पुलिस उसे लगातार थाने चलने को कहती रही, लेकिन नशे की हालत में वहां हंगामा करती रही।

