Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी एस. जयवर्धन को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत गृह मंत्रालय, नई दिल्ली में उप सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से चार वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
भारत सरकार की ओर से इस संबंध में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को ई-मेल भेजा गया है। इसमें IAS एस. जयवर्धन को उनके वर्तमान दायित्वों से तत्काल मुक्त करने और गृह मंत्रालय, दिल्ली में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए निर्देशित करने को कहा गया है।
नियुक्ति से जुड़े निर्देशों के अनुसार, अधिकारी को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoP&T) का नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नया पदभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समयसीमा में कार्यभार नहीं संभालने की स्थिति में केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत उन्हें भविष्य की नियुक्तियों के लिए अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
एस. जयवर्धन की इस नियुक्ति के साथ उन्हें केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय में काम करने का अवसर मिलेगा। अब निर्धारित समयसीमा के भीतर पदभार ग्रहण करने की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

