CG Raipur News Today: रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई के अंतर्गत स्व० कुलदीप निगम स्मृति इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट में महिला पत्रकारों का फाइनल मुकाबला सुभाष स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। रोमांचक मुकाबले में शक्ति टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि तेजस्वी टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता शक्ति टीम और उपविजेता तेजस्वी टीम को बधाई देते हुए दोनों टीमों के लिए 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
अपने संबोधन में मंत्री राजवाड़े ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद महिला पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजन कार्यक्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार स्व० वीरेंद्र दीपक की स्मृति में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम में डॉ. श्वेता शर्मा (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, गरियाबंद), उषा शर्मा तथा स्वर्गीय वीरेंद्र दीपक महाविद्यालय की डायरेक्टर सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
खेल मड़ई के इस आयोजन ने महिला पत्रकारों की खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और एकजुटता को नई पहचान दी तथा पत्रकार जगत में स्वास्थ्य, सौहार्द और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का संदेश प्रसारित किया।

