Raipur News:भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए तैयार रायपुर: 16 जुलाई को निकलेगी रथयात्रा, 24 जुलाई को होगी बाहुड़ा यात्रा

Raipur News:भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए तैयार रायपुर: 16 जुलाई को निकलेगी रथयात्रा, 24 जुलाई को होगी बाहुड़ा यात्रा

Chhattisgarh Raipur News: राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा तीनों दिव्य रथों पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। वहीं 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा (उल्टा रथ) का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा से पहले 14 जुलाई की शाम मंदिर परिसर में नेत्रोत्सव का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा के दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की परंपरा निभाएंगे। यह परंपरा सेवा, समर्पण और समानता का प्रतीक मानी जाती है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रहेगी।

रथयात्रा के दिन सुबह 11 बजे वैदिक पंडितों द्वारा भगवान का विशेष अभिषेक, हवन और पूजा-अर्चना की जाएगी। चंदन, केसर, कस्तूरी, कपूर सहित सुगंधित द्रव्यों से भगवान का दिव्य स्नान कराया जाएगा। इसके बाद पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों के बीच भगवान को रथों पर विराजमान कराया जाएगा।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रथयात्रा भक्तों और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में केवल एक बार भगवान जगन्नाथ मंदिर से बाहर निकलकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।


Related Articles