Raipur News: पेपर लीक और शिक्षा सुधार को लेकर रायपुर में प्रदर्शन, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की उठी मांग

Raipur News: पेपर लीक और शिक्षा सुधार को लेकर रायपुर में प्रदर्शन, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की उठी मांग

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर रविवार को राजधानी रायपुर में छात्र-युवा संगठनों ने प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में युवा बारिश के बीच तख्तियां और पोस्टर लेकर जुटे। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई, वहीं सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में भी नारे लगाए गए।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और निष्पक्ष बनाने की मांग की। साथ ही NEET पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की बात कही।

युवाओं ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी एवं स्थायी कदम उठाने की भी मांग की गई।

प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा, हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। छात्र-युवा संगठनों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे।


Related Articles