Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। विशेष रोजगार कार्यालय और डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के पीडब्ल्यूडी सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए 31 अगस्त 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन, पीडब्ल्यूडी सेंटर सुंदर नगर रायपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
विशेष रोजगार कार्यालय की उप संचालक डॉ. शशीकला अतुलकर के अनुसार रोजगार मेले में निजी कंपनी इंस्टाकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (फ्लिपकार्ट) द्वारा असिस्टेंट के कुल 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए आवेदक का 10वीं उत्तीर्ण होना और आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होना जरूरी है। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 12 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल या मोबाइल में उपलब्ध ‘छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदक का रोजगार पंजीयन होना भी जरूरी है। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
इसके अलावा डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के पीडब्ल्यूडी सेंटर की ओर से दिव्यांगजनों को दो माह का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल साक्षरता, सॉफ्ट स्किल्स और कम्युनिकेशन से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।

