Raipur News : तिरंगा यात्रा में शामिल होने वालों के लिए पार्किंग तय, जानिए किन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

Raipur News : तिरंगा यात्रा में शामिल होने वालों के लिए पार्किंग तय, जानिए किन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर में 10 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर यह यात्रा सुभाष स्टेडियम तक पहुंचेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली-कॉलेज छात्र-छात्राओं के साथ आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था और डायवर्जन प्लान जारी किया है।

यातायात पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तिरंगा यात्रा के कारण संबंधित मार्गों पर सामान्य आवागमन प्रभावित रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यात्रा मार्ग पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने रोड, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।

बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा बिजली ऑफिस की ओर जाने वाले वाहन परिक्रमा पथ, पुलिस लाइन गेट और कालीबाड़ी मार्ग से जा सकेंगे। वहीं शास्त्री चौक से महिला थाना की ओर जाने वाले वाहन बंजारी चौक, राजभवन चौक, कालीमाई तिराहा, ओसीएम चौक, महिला थाना चौक और कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

कालीबाड़ी से कोतवाली चौक की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, महिला थाना चौक, ओसीएम चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। इसी तरह कोतवाली से कालीबाड़ी और सदर बाजार से बूढ़ापारा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए बूढ़ा तालाब गार्डन, इंडोर स्टेडियम के पीछे का मैदान, बूढ़ा तालाब परिक्रमा पथ और महाराजबंद तालाब की ओर निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां वाहन पार्क करने के बाद नागरिक पैदल इंडोर स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें। जरूरी यात्रा होने पर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।


Related Articles