Raipur News: छत्तीसगढ़ के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें 230 से बढ़ाकर 250 कर दी गई हैं, जिससे अब 20 अतिरिक्त विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा।
वर्ष 1963 में 60 सीटों के साथ स्थापित जेएनएम मेडिकल कॉलेज ने समय के साथ अपनी प्रवेश क्षमता में लगातार वृद्धि की है। सीटों की संख्या पहले 100, फिर 150, 180, 230 और अब बढ़कर 250 हो गई है। यह कॉलेज पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सीटों में बढ़ोतरी से प्रदेश के अधिक छात्रों को अपने ही राज्य में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के प्रयासों को देते हुए कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

