Raipur News : बारिश के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ी, अंबिकापुर एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां लगातार हो रहीं प्रभावित

Raipur News : बारिश के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ी, अंबिकापुर एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां लगातार हो रहीं प्रभावित

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारी बारिश के चलते रेल यातायात प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रायपुर स्टेशन पहुंचने वाली कई ट्रेनें शुक्रवार को देरी से पहुंचीं। लंबी दूरी की कई गाड़ियां करीब 1 से 3 घंटे तक विलंबित रहीं, जबकि कुछ ट्रेनों की देरी इससे भी अधिक रही। समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे 45 मिनट, दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट और विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस करीब 2 घंटे की देरी से रायपुर पहुंची।

दुर्ग से रायपुर के बीच लोकल ट्रेनों को आउटर पर लंबे समय तक रोके जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसके चलते सामान्य सफर में लगने वाला समय एक घंटे से अधिक हो रहा है। यात्रियों को निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचने के बाद भी ट्रेनों के इंतजार में काफी समय बिताना पड़ रहा है।

अंबिकापुर एक्सप्रेस की स्थिति भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। रायपुर पहुंचने का इसका निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे है, लेकिन पिछले करीब एक महीने से ट्रेन के 3 से 4 घंटे की देरी से पहुंचने की जानकारी सामने आ रही है। वापसी के दौरान भी ट्रेन के विलंबित होने के कारण अंबिकापुर में यात्रियों को रात 12 से 1 बजे तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच रायपुर पहुंचने वाली कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक विलंबित रहीं। दुर्ग से रवाना होने के बाद कुछ ट्रेनों की देरी लगातार बढ़ती गई। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दुर्ग से रवाना होने के बाद रायपुर पहुंचते समय 9 मिनट लेट थी। भाटापारा पहुंचने तक देरी 29 मिनट, उसलापुर तक 31 मिनट और पेंड्रारोड तक 1 घंटे 40 मिनट हो गई। शहडोल पहुंचने तक ट्रेन करीब 2 घंटे 3 मिनट विलंबित हो चुकी थी।

इसी तरह साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग से निर्धारित समय पर रवाना हुई, लेकिन रायपुर पहुंचने में 5 मिनट की देरी हुई। तिल्दा पहुंचने तक देरी बढ़कर 31 मिनट और सक्ती पहुंचने तक करीब 1 घंटे 12 मिनट हो गई।

शहडोल के रास्ते रायपुर पहुंचने वाली कई अन्य ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। इनमें सारनाथ और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें शामिल हैं। जानकारी के अनुसार इनमें से कुछ ट्रेनें रोजाना 3 घंटे से अधिक की देरी से रायपुर पहुंच रही हैं। अमरकंटक एक्सप्रेस भी करीब 3 घंटे विलंब से पहुंचने की जानकारी है। ट्रेनों के निर्धारित समय के अनुसार यात्री स्टेशन पहुंच रहे हैं, लेकिन गाड़ियों के लेट होने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दुर्ग और बिलासपुर से समय पर रवाना होने के बावजूद कुछ लोकल ट्रेनें रायपुर पहुंचते-पहुंचते 1 से 2 घंटे तक विलंबित हो रही हैं।


Related Articles