Raipur News : फिशिंग से लेकर साइबर बुलिंग तक, छात्राओं को दी डिजिटल अपराधों से बचाव की जानकारी

Raipur News : फिशिंग से लेकर साइबर बुलिंग तक, छात्राओं को दी डिजिटल अपराधों से बचाव की जानकारी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। गुरुकुल महिला महाविद्यालय में छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग का संदेश देने के लिए साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अर्चना धुरंधर और उनकी टीम ने छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, बचाव के उपायों और जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान महाविद्यालय के सह-प्राचार्य डॉ. राजेश अग्रवाल, कंप्यूटर विभागाध्यक्ष डॉ. अमित तेलंग और राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी डॉ. रात्रि लहरी सहित प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अर्चना धुरंधर ने कहा कि इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन आज दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। इसके साथ ही साइबर अपराधों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने छात्राओं से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

कार्यक्रम में छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदेश, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, फिशिंग, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे विषयों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित माध्यमों से शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

छात्राओं को सुरक्षित पासवर्ड का इस्तेमाल करने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने और सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतने के लिए भी प्रेरित किया गया। साथ ही छात्राओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

सह-प्राचार्य डॉ. राजेश अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक विद्यार्थी के लिए साइबर जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल ही डिजिटल सशक्तिकरण का आधार है। कंप्यूटर विभागाध्यक्ष डॉ. अमित तेलंग ने साइबर सुरक्षा के तकनीकी पहलुओं पर जागरूकता की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे। अतिथियों ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. दीपशिखा शर्मा ने किया। अंत में अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


Related Articles