Chhattisgarh Raipur News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का शुक्रवार को पांचवां और अंतिम दिन है। आज सदन में प्रश्नकाल, शासकीय कार्य और अंतिम ढाई घंटे अशासकीय कार्य संपन्न होंगे। दिन का सबसे अहम एजेंडा कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा रहेगा। इसके साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे।
प्रश्नकाल के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल विभिन्न सवालों के जवाब देंगे। वहीं विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भैयालाल राजवाड़े भी विभिन्न प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।
आज का दिन राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पहले ही 17 जुलाई को कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए निर्धारित किया था। राज्य गठन के बाद यह विधानसभा में लाया गया दसवां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले लाए गए सभी नौ अविश्वास प्रस्ताव बहुमत के अभाव में पारित नहीं हो सके थे। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सदन में प्रस्ताव पेश करेंगे।
गौरतलब है कि मानसून सत्र के चौथे दिन फर्जी ग्रामसभा प्रस्तावों के आधार पर उद्योगों को जमीन आवंटित किए जाने का मुद्दा सदन में गूंजा था। इस दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने रायपुर जिले के ग्राम अल्दा में जालसाजी की शिकायत मिलने और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी थी। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया था। वहीं इसी सत्र में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम-2026 भी पारित किया गया।

