Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के आपात चिकित्सा विभाग में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रवेश और पंजीयन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब गंभीर मरीजों को इमरजेंसी तक पहुंचने के लिए भीड़ के बीच से गुजरने की जरूरत नहीं होगी।
नई व्यवस्था के तहत ओपीडी गेट स्थित कक्ष क्रमांक 100 यानी कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर (CMO) कक्ष से आपात चिकित्सा की जरूरत वाले मरीजों का प्रवेश और पंजीयन किया जाएगा। यहां मरीज की प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर और तत्काल उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के सीधे आपात चिकित्सा विभाग भेजा जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, इस बदलाव का उद्देश्य गंभीर मरीजों को जल्द उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही इमरजेंसी में मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही को व्यवस्थित करना है। इससे आपात स्थिति में मरीजों को इमरजेंसी तक पहुंचने में आसानी होगी।
अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण वर्तमान प्रवेश व्यवस्था में जगह की कमी और भीड़ की स्थिति बन रही थी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पूर्व निर्धारित प्रवेश और पंजीयन स्थल को दोबारा व्यवस्थित करने का फैसला लिया है।
अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी के अनुमोदन के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर की अध्यक्षता में शनिवार को अधीक्षक कक्ष में बैठक आयोजित की गई। इसमें आपात चिकित्सा विभाग में मरीजों के सुचारू आवागमन और चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में बढ़ती भीड़ और स्थानाभाव की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मरीजों की भीड़ को नियंत्रित करना, गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और मरीजों-परिजनों की आवाजाही को सुगम बनाना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पंजीयन और प्रवेश व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों की सुविधा के अनुसार इसमें आवश्यक बदलाव भी किए जाएंगे।

